दतिया सांसद बोलीं- रक्षा बजट में 15% की बढ़ोतरी:हर जिले में बनेंगे महिला हॉस्टल; 7 हाईस्पीड ट्रेन कॉरिडोर और 5 मेडिकल हब की सौगात

दतिया सांसद संध्या राय ने शनिवार को भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता कर केंद्रीय बजट की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने इसे देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट बताया। सांसद ने कहा कि यह बजट केवल खर्च का दस्तावेज नहीं है, बल्कि भारत को तेज आर्थिक विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की ठोस योजना है। इसमें रक्षा बजट को 6.81 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ रुपये किया गया है। सांसद ने बताया कि बजट में तीन प्रमुख कर्तव्यों- आर्थिक गति तेज करना, नागरिकों की क्षमता निर्माण और सबका साथ–सबका विकास को केंद्र में रखा गया है। भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। बजट में विकास दर 6.5 से 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि राजकोषीय घाटा जीडीपी का 4.4 प्रतिशत रहेगा। पूंजीगत व्यय (Capital Expenditure) बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो 2014 की तुलना में तीन गुना अधिक है। रक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर रक्षा बजट में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे सैन्य ताकत मजबूत होगी। इसके अलावा, 7 हाईस्पीड ट्रेन कॉरिडोर और अगले पांच वर्षों में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाने का प्रावधान है। इससे सड़कों, रेल लाइनों, उद्योगों और रोजगार के नए अवसर बनेंगे। स्वास्थ्य और शिक्षा- कैंसर की दवाएं ड्यूटी फ्री स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार 1 लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी। 3 नए आयुर्वेदिक एम्स और 5 नए मेडिकल हब स्थापित किए जाएंगे। कैंसर सहित 17 दवाओं और 7 रेयर दवाओं को ड्यूटी फ्री किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में 1.39 लाख करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। 15 हजार प्राइमरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में क्रिएटर लैब स्थापित की जाएंगी। महिला सशक्तिकरण और टैक्स में राहत महिलाओं के लिए हर जिले में हॉस्टल और महिला उद्यमियों के लिए सी-मार्ट (C-Mart) बनाए जाएंगे। लखपति दीदी योजना का विस्तार होगा। आईटी सेक्टर का बजट 300 करोड़ से बढ़ाकर 2 हजार करोड़ रुपये किया गया है। 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार किए जाएंगे। टैक्स प्रणाली को सरल किया गया है और आईटीआर भरने की अंतिम तिथि 31 मार्च कर दी गई है। हालांकि, सवालों के जवाब में सांसद ने कुछ पुरानी उपलब्धियां भी गिना दीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *