किसान से 1.90 लाख रुपए की ठगी मास्टरमाइंड सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | बालोद बेटे को दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर ग्राम खपरी निवासी किसान युगल किशोर साहू से 1.90 लाख की ऑनलाइन ठगी मामले में बालोद पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित दो आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसमें 21 वर्षीय अंकित यादव निवासी बेलसंड माधोपुर और 38 वर्षीय शिव प्रसाद निवासी जागरनाथा माझागढ़ गोपालगंज बिहार शामिल है। इस प्रकरण में 24 वर्षीय कृष्णा यादव निवासी बेलसांड की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 26 मई 2024 को आरोपियों ने कॉल करके ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। एक आरोपी ने कहा था कि मैं थाना बालोद से बोल रहा हूं, आपका बेटा दुष्कर्म केस में फंस गया है। उसको बचाना चाहते हो तो पैसा ट्रांसफर करना पड़ेगा। जिसके बाद प्रार्थी ने लोगों से उधारी मांगकर कुल 1 लाख 90 हजार रुपए ट्रांसफर कराया था। आरोपियों के खिलाफ बालोद थाने में धारा 420, 34, 411, 413, 120(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग, तत्कालीन एसपी एसआर भगत व वर्तमान एसपी योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों को पकड़ने टीम बनाई थी। एएसपी अशोक कुमार जोशी, मोनिका ठाकुर, एसडीओपी देवांश सिंह राठौर व टीआई रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम को गोपालगंज बिहार राज्य भेजा गया। टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने बिहार पहुंच कर लोकल स्तर पर गांव में जाकर सूचना प्राप्त किया गया। जरूरी जानकारी हासिल कर बिहार पुलिस की मदद से रेड कार्रवाई कर आरोपी अंकित यादव और शिव को गिरफ्तार कर बालोद लाया गया। दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। जिसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस मामले के और पहलुओं को देख रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *