सरसीवां | शनिवार को सरसीवा थाना परिसर में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। बैठक के दौरान एएसआई कृष्ण कुमार टंडन ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, इसलिए इसे शांति और अनुशासन के साथ मनाया जाए। उन्होंने किसी भी तरह की हुडदंगबाजी, जबरदस्ती रंग या कीचड़ लगाने जैसी हरकतों से बचने की अपील की। बैठक में लगभग 10 मुख्य बिंदुओं पर चर्चा हुई। इनमें प्रमुख रूप से होली शांतिपूर्ण तरीके से मनाने, किसी पर जबरदस्ती रंग या कीचड़ न लगाने, नशा कर वाहन न चलाने, राहगीरों को रोककर चंदा वसूली न करने, डीजे और लाउडस्पीकर निर्धारित समय में ही बजाने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट न करने, यातायात नियमों का पालन करने व अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा।


