भास्कर न्यूज | रायगड़ा रायगड़ा बीईओ कार्यालय ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके अंतिम कार्य दिवस पर ही पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। एबीईओ भजन लाल माझी ने शनिवार को सेवानिवृत्त हुए जयगुरु प्राथमिक विद्यालय के हरिश्चंद्र पृष्टि और कातागुड़ा प्राथमिक विद्यालय के सुबास दास को यह अधिकार पत्र सौंपा। पूर्व में पेंशन के लिए वर्षों प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, किंतु इस बार बीईओ की पहल पर सेवानिवृत्ति के दिन ही प्रक्रिया पूर्ण की गई। इस पर शिक्षक संघों ने आभार व्यक्त किया है। जयगुरु प्राथमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में नगर उपाध्यक्ष सुभ्रा पंडा और सहायक बीईओ छबीलाल सिंह सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिक्षक हरिश्चंद्र पृष्टि की सराहना करते हुए बताया गया कि उन्होंने निर्धन बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी और वर्षों तक निःशुल्क अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कीं। जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव नीलांचल मिश्र और प्रधान शिक्षिका इंदिरा पाढ़ी ने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विदाई के क्षणों में ग्रामीण और विद्यार्थी भावुक नजर आए। रायगड़ा। विदाई समारोह में शामिल शिक्षक।


