बागडेहरी| सोमवार को कुंडहित थाना के एएसआई तपन सेन के नेतृत्व में बारमेशिया मोड़ पर क्राइम कंट्रोल और सड़क सुरक्षा को लेकर एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान मेन रोड से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के डिक्की की जांच की गई। इस अवसर पर एएसआई तपन सेन ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के अभियान सुरक्षा दृष्टिकोण से चलाए जाते हैं, ताकि असामाजिक तत्वों में भय बना रहे। एएसआई ने वाहन चालकों को नसीहत दी कि वे बाइक पर ट्रिपल लोडिंग सवारी न करें, बाइक चलाते वक्त मोबाइल का उपयोग न करें और शराब के नशे में वाहन न चलाएं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की भी अपील की, क्योंकि कई बार सड़क दुर्घटनाएं हेलमेट न पहनने के कारण होती हैं, जिनमें बाइक चालकों की जान चली जाती है। अभियान के दौरान एक ट्रक और एक मोटरसाइकिल का सीजर काटा गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी और पुलिस बल भी मौके पर उपस्थित थे।


