झारखंड के पलामू में हत्या के आरोपी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी है। भास्कर पांडेय उर्फ मोंटी पांडेय को सोमवार की रात चैनपुर थानाक्षेत्र के सेमरटांड़ में गोली लगी। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। आशंका है कि गोली उसी के अवैध पिस्टल से चली होगी, जो एड़ी में लगते हुए निकल गई।
घायल मोंटी को उसके दोस्तों ने मेदिनीनगर के श्री नारायण मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद के अनुसार, चैनपुर और शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल को लेकर मोंटी के बयान संदिग्ध पाए गए हैं। जेल से छुटते ही फिर से क्राइम करने लगा मोंटी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पिछले साल फरवरी में उसने सद्दीक मंजिल चौक पर दिनदहाड़े नमिता देवी नाम की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में गिरफ्तार होने के बाद जेल से छूटते ही वह फिर से अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया। इससे पहले नवंबर 2020 में भट्ठी मोहल्ला में एक व्यक्ति पर बम से हमला करने का भी आरोप उस पर है, जिसमें उसकी गिरफ्तारी एक साल बाद हुई थी। वर्तमान में शहर थाने में उस पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।


