भास्कर न्यूज | बागडेहरी पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के निर्देश पर सोमवार को कुंडहित थाना क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान कुंडहित थाना गेट के समीप एएसआई संजय कुमार दास के नेतृत्व में किया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराना एवं आमजन को यातायात के प्रति जागरूक करना था। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया। उन्हें हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही उन्हें यातायात नियमों के महत्व को भी समझाया गया ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। इस दौरान कई ऐसे वाहन चालक भी मिले जो ट्रिपल लोड में यात्रा कर रहे थे। पुलिस द्वारा उन्हें मौके पर ही चेतावनी दी गई तथा भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त हिदायत दी गई। ओवर स्पीड तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी गई और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान कुल पांच मोटरसाइकिलों का चालान काटा गया है। चालान उन चालकों पर किए गए जिन्होंने परिवहन नियमों का उल्लंघन किया था। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।


