भास्कर न्यूज | राजिम राजिम कुंभ कल्प 2026 के आयोजन के संबंध में सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक राजिम के सर्किट हाउस में हुई। बैठक में पर्यटन , धार्मिक न्यास एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, विभागीय सचिव अविनाश चंपावत, विधायक रोहित साहू, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कावरे, गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके, धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा, धमतरी एवं रायपुर सहित गरियाबंद जिले के वरिष्ठ अधिकारीगण शामिल हुए। बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजिम कुंभ कल्प मेला भव्य तरीके से आयोजित करने के संबंध में विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। पर्यटन ,धार्मिक न्यास एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस बार भी शासन के मंशानुरूप राजिम कुंभ कल्प मेला भव्य रूप से मनाया जाएगा। धार्मिक रीति रिवाजो के परंपरा पर प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले सन्त, महात्मा एवं आगंतुको के लिए इस वर्ष मेला स्मरणीय हो, अधिकारी का योगदान सर्वोपरि है अपने लगन और पूर्ण निष्ठा के साथ अधिकारी मेला को भव्यता का मूर्त रूप दे। बैठक में संभाग आयुक्त कावरे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि गंगा आरती स्थल से मेला स्थल तक नदी किनारे कनेक्टिंग रोड़, सजावट, लाईटिंग, शौचालय, हाईमास्क लाईट, कन्ट्रोल रूम, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल के लिए पाइप लाइन, बस स्टैंड से नवीन मेला स्थल तक श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने के लिए निर्धारित शुल्क पर बस की व्यवस्था, एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सुविधाएं, नया मेला स्थल में पर्याप्त संख्या में दाल भात केंद्र, दुकानों का व्यवस्था, फूड जोन, वन विभाग को बांस बल्ली की व्यवस्था, जलाऊ लकड़ी, साधुओं के लिए कुटिया निर्माण के लिए घास की व्यवस्था, पुलिस विभाग को सुरक्षा के पर्याप्त व्यवस्था, सीसीटीवी, कंट्रोल रूम एवं फायर ब्रिगेड आदि की व्यवस्था, मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों का रंग रोगन एवं साफ सफाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने मेला स्थल पर मंच व्यवस्था, वीआईपी पार्किंग, सामान्य पार्किंग, मीना बाजार, फूड जोन, कन्ट्रोल रूम, आवागमन एवं हेलीपैड स्थल, राजीव लोचन मंदिर, संत संमागम एवं गंगा आरती स्थल से नए मेला स्थल में आने के लिए नदी किनारे बन रहे निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश। विधायक रोहित साहू ने दुकान के आबंटन राशि के संबंध में राशि बढ़ोतरी न कर पूर्ववत रखने की मांग की। इसके साथ ही मेला स्थल में मेलार्थियों के लिए सभी सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। वहां पर मुख्य मंच बनाए जाएंगे। साथ ही दुकान, विभागीय स्टॉल एवं मीना बाजार भी लगाए जाएंगे। लोगों की सुविधा के लिए वृहद स्तर पर पार्किंग भी बनाए जाएंगे। बैठक में संभाग आयुक्त कावरे एवं कलेक्टर उइके ने राजिम कुंभ कल्प की तैयारी के संबंध में समीक्षा करते हुए टेंडर सहित सभी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।


