कवर्धा जिले में बोड़ल ब्लॉक के एक कुएं में नवजात बच्चे की लाश तैरती मिली है। ग्राम रानीदहरा के पास स्थित कुएं में नवजात शिशु का शव तैरते देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। 21 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने जैसे ही कुएं में मासूम का शव देखा, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामला बोड़ला थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में खुलासा हो सकेगा। गांव के लोगों में दुख और आक्रोश शव बाहर आने के बाद आस पास स्थित महिलाओं के आंखों से आंसू निकल पड़े और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा, गहरी नाराजगी फैल गई। पुलिस ने इस मामले को पूरी तरह संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस शुरुआती स्तर पर पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात कौन था, उसकी पहचान क्या है और शव कुएं तक कैसे पहुंचा। बोड़ला थाना पुलिस ने बताया कि मामले की सच्चाई और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने हर एंगल से जांच तेज कर दी है और क्षेत्र में पूछताछ जारी है। नवजात के शव मिलने की यह घटना न सिर्फ स्थानीय क्षेत्र को झकझोर रही है, बल्कि यह समाज के सामने एक मानवीय संवेदनाओं को हिला देने वाला गंभीर प्रश्न भी खड़ा करती है। पुलिस इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पूरी तत्परता से जांच में जुटी है।


