डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चक महूडी गांव में एक कुएं से महिला का शव मिला है। महिला पिछले 24 घंटे से लापता थी, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाने के एएसआई हरि सिंह ने बताया कि चकमहूडी निवासी बंशीलाल अहारी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बंशीलाल अहमदाबाद में मजदूरी करता है। उन्होंने बताया कि बुधवार को उन्होंने अपने घर फोन किया था, जिस पर उनके बेटे रोहित ने बताया कि उनकी मां पुष्पा सुबह 11 बजे खेतों में गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। यह जानकारी मिलने पर बंशीलाल उसी रात चक महूडी पहुंचा और अपनी पत्नी पुष्पा की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह उन्होंने फिर से तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बंशीलाल को खेत में बने एक कुएं में पुष्पा के गिरने की आशंका हुई। ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश की गई, जहां पुष्पा का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


