कुख्यात बदमाश प्रमोद काछी गिरफ्तार:कट्टा-कारतूस बरामद, बुजुर्ग किसान से रंगदारी मांगने का आरोप

सतना में सरकारी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से बुजुर्ग किसान से मारपीट और 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश प्रमोद काछी उर्फ नीलेश कुशवाहा को जैतवारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा और शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मझगवां थाना पुलिस के सहयोग से शनिवार को बुंदेलापुर मोड़ के पास घेराबंदी कर प्रमोद काछी को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं एडी एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। जैतवारा थाना पुलिस ने बताया कि यह घटना 21 जनवरी को चंदई गांव में हुई थी। प्रमोद काछी ने 75 वर्षीय किसान इंद्रप्रसाद कुशवाहा के साथ मारपीट की थी। पीड़ित किसान के अनुसार, वह सुबह करीब 8 बजे अपने घर के पास गाय बांध रहे थे, तभी प्रमोद सफेद रंग की कार (एमपी 17 सीसी 1110) से वहां पहुंचा। आरोपी ने इंद्रप्रसाद पर सरकारी जमीन छोड़ने का दबाव बनाया। जब इंद्रप्रसाद ने मना किया, तो प्रमोद ने अपने खिलाफ चल रहे मुकदमों की पैरवी के लिए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर उसने किसान के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर इंद्रप्रसाद की पत्नी बुटुवा कुशवाहा बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी ने उनके साथ भी अभद्रता की। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने जानकारी दी कि प्रमोद काछी एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, डकैती और लूट सहित कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें जैतवारा थाना क्षेत्र में 11, मझगवां में 6, जबकि कोलगवां, कोठी और कटनी जिले के बरही थानों में भी गंभीर अपराध पंजीकृत हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *