ग्वालियर में एक सब इंस्पेक्टर की मां के हैंडबैग से जेवरों से भरा पर्स चोरी हो गया। घटना तब हुई जब वह मायके से शादी में शामिल होकर घर लौट रही थीं। नाका चंद्रवदनी बस स्टैंड से वह एक ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। पीड़िता घर पहुंची और ताला खोलने के लिए पर्स निकाला तो पता चला कि जेवरों का पर्स गायब है। घटना के तुरंत बाद उन्होंने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में शनिवार को एफआईआर दर्ज की है। ई-रिक्शा में थी 3 अन्य महिलाएं 56 वर्षीय अनीता राय, पत्नी वृंदावन राय और बहोड़ापुर स्थित हरिहर नगर निवासी हैं। उनकी बेटी छाया राय सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में पीटीएस तिघरा में पदस्थ हैं। अनीता राय शुक्रवार को अपने मायके में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अशोक नगर गई थीं। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह कार से शिवपुरी आईं और शिवपुरी से बस में सवार होकर झांसी रोड स्थित बस स्टैंड पहुंचीं। यहां से उन्होंने ई-रिक्शा लिया, जिसमें उनके साथ तीन अन्य महिलाएं भी सवार हुईं। एक महिला बस से उतर गई, जबकि दो अन्य बस स्टैंड से ही सवार हुई थीं। ई-रिक्शा से वह बाड़े पहुंचीं और वहां से ऑटो लेकर हरिहर नगर बहोड़ापुर अपने घर लौटीं। घर पहुंचने पर पर्स खोलने पर पता चला कि पर्स में रखा जेवर गायब था। इसमें तीन तोला वजन का सोने का मंगलसूत्र और एक तोला वजन के कानों के टॉप्स थे। पुलिस को बस में चोरी की आशंका पीड़िता का कहना है कि ई-रिक्शा में सवार दो महिलाओं पर उन्हें शंका है। एक महिला उनके बगल में बैठी थी और बार-बार उनके पर्स पर नजर रख रही थी। पुलिस को आशंका है कि चोरी बस में ही हुई होगी। अब पुलिस संदेही महिलाओं की तलाश के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है। कुछ स्थानों से फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी झांसी रोड शक्ति सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।


