कोरबा में एक कुत्ते के सिर पर पिछले तीन-चार दिनों से प्लास्टिक का डिब्बा फंसा हुआ था। मंगलवार देर रात रेस्क्यू टीम ने उसे मुड़ापार आवास कॉलोनी के पास से पकड़ा और उसके सिर से डिब्बा निकालकर राहत दिलाई। डिब्बे के कारण कुत्ता भूखा-प्यासा भटक रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह किसी असामाजिक तत्व की करतूत हो सकती है, जिसने खिलाने के बहाने कुत्ते के सिर पर डिब्बा फंसा दिया होगा। डिब्बे के कारण कुत्ता न तो कुछ खा पा रहा था और न ही पानी पी पा रहा था। वह हेलीपैड और अटल आवास क्षेत्र के आसपास भटकता देखा जा रहा था। आरसीआरएस (RCRS) के अध्यक्ष अविनाश यादव ने बताया कि इससे पहले भी कई बार कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह हर बार भाग जाता था। मंगलवार शाम टीम के सदस्य अतुल बेला, सोनू शाह और सुमीत ने उसकी तलाश शुरू की। रेस्क्यू टीम ने कुत्ते के सिर से निकाला डिब्बा लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद कुत्ता पीएम आवास के पीछे जंगल में मिला। टीम ने उसे सुरक्षित पकड़ा और सावधानीपूर्वक उसके सिर से प्लास्टिक का डिब्बा हटा दिया। डिब्बा निकलते ही कुत्ता तेजी से जंगल की ओर भाग गया। रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने इस घटना की जानकारी संगठन के अध्यक्ष अविनाश यादव को दी। टीम का कहना है कि यदि समय रहते कुत्ते को बचाया न जाता, तो उसकी हालत गंभीर हो सकती थी।


