चूरू रोड पर एक अनियंत्रित कार बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। इस दौरान पोल से टूटे बिजली के तार वहां से गुजर रही एक राजस्थान रोडवेज की बस पर जा गिरे। गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार गांव अलीपुर निवासी विजय सिंह भांबू अपनी कार में चार सवारियों के साथ बिसाऊ की ओर जा रहे थे। चूरू रोड स्थित पुलिया के पास अचानक सड़क पर एक कुत्ता सामने आ गया। विजय सिंह ने कुत्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसी समय पास से दूसरी गाड़ियां गुजर रही थीं। जगह कम होने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा। जिस वक्त पोल टूटा, उसी समय वहां से एक रोडवेज बस चूरू की ओर से आ रही थी। पोल टूटते ही बिजली के हाई-वोल्टेज तार बस के ऊपर गिर गए। बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तारों का जाल बस के ऊपर ही आ गिरा। राहगीरों ने दिखाई समझदारी हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन बंद करवाई। यदि समय रहते बिजली नहीं कटती, तो करंट फैलने से बड़ा नुकसान हो सकता था।


