भास्कर न्यूज | राजनांदगांव नगर निगम ने शहर में लावारिस कुत्तों के आंतक को नियंत्रित करने बधियाकरण अभियान शुरु किया है। निगम प्रशासन ने बताया कि बीते 5 महीने में 800 लावारिस कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है। वहीं कंपनी को 1000 कुत्तों के बधियाकरण के लिए दोबारा वर्कआर्डर जारी किया गया है। बता दें कि शहर में लगातार लावारिस कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं कई हिस्सों में बच्चों व बुजुर्गो को कुत्ते के काटने के मामले भी सामने आ चुके हैं। इसके बाद निगम प्रशासन ने हरियाणा के नैन फाउंडेशन सर्विसेस को बधियाकरण का टेंडर दिया है। निगम अफसरों के मुताबिक बीते पांच महीने में कंपनी के कर्मचारियों ने 800 लावारिस कुत्तों का बधियाकरण किया है। वहीं आगे 1 हजार कुत्तों का बधियाकरण किया जाना है। इससे काफी हद तक लावारिस कुत्तों की संख्या घटने की उम्मीद है।


