सारंगढ़ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने 1 दिसंबर को सरकारी कामकाजों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने धीमी गति से काम करने वाले और काम बंद रखने वाले ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई और नोटिस जारी किए। 1 दिसंबर को कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल आवर्धन और समूह जल प्रदाय कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे ठेकेदारों का भुगतान रोका जाए जो श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बरमकेला नगर पंचायत में पाइपलाइन के कार्य को सप्ताहवार लक्ष्य निर्धारित कर पूरा करने को कहा। बैठक में कार्यपालन अभियंता (ईई) कश्यप ने बताया कि जल आवर्धन योजना से सारंगढ़ में 50 प्रतिशत पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश बैठक में ठेकेदार कावेरी कंस्ट्रक्शन ने भद्रा रीवांपार परियोजना में आ रही बाधाओं की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने ब्लॉकवार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनका तत्काल निराकरण किया जा सके। कलेक्टर ने कावेरी कंस्ट्रक्शन को धीमी कार्य प्रगति पर नोटिस जारी करते हुए जल जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने और साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर बोले- गुणवत्ता के साथ काम करें डॉ. कन्नौजे ने सभी परियोजनाओं के लिए श्रमिकों के अलग समूह बनाने को कहा, ताकि कार्य शीघ्र पूरा हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीयन कराया जाए और उन्हें, उनके परिजनों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए कलेक्टर ने ठेकेदारों से कहा कि जहां पाइपलाइन या पानी टंकी का कार्य धीमी गति पर है, उसे तुरंत दोबारा शुरू कर समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें। अपूर्ण कार्यों की विस्तृत समीक्षा के निर्देश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 3 समूह जल प्रदाय योजनाएं संचालित हैं। इनमें मिरोनी बैराज पर भद्रा रीवांपार परियोजना के 84 गांव, बरगांव कंचनपुर परियोजना के 102 गांव और घोठला छोटे हरदी परियोजना के 69 गांव शामिल हैं। कलेक्टर ने इन स्थानों पर इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, रॉ वाटर, क्लियर वाटर, पंप और मल्टीविलेज सहित सभी पूर्ण और अपूर्ण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप, एसडीओ बी.एल. खरे, डिप्टी कलेक्टर मधु गवेल, सीएमओ दीपक विश्वकर्मा और ठेकेदारों को फरवरी 2026 तक इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।


