कुम्हारी थाना अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित कैवल्य धाम के पीछे खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अनुमान लगाया है कि महिला की मौत करीब एक सप्ताह पूर्व हुई होगी। शव खेत में झाड़ियों के बीच पड़ा हुआ था, जिससे दुर्गंध फैल रही थी। इसी कारण आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। कुम्हारी थाना टीआई ने बताया कि मृतिका की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। महिला के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं मिले हैं। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि मौत के कारणों की बारीकी से जांच की जा सके। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेजा जा रहा है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि मृत महिला की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।


