25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, ड्रग तस्करी में था वांछित

हनुमानगढ़ की संगरिया पुलिस ने डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) के साथ मिलकर 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश राजवीर उर्फ लक्की झोरड़ को गिरफ्तार किया है। टिब्बी क्षेत्र के खाराखेड़ा गांव निवासी राजवीर को शुक्रवार रात एक मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी है। उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरिशंकर ने बताया कि शुक्रवार रात को आरोपी की क्षेत्र में मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने गहन नाकाबंदी की। भारतमाला पर रोही भाखरावली में पुलिया के पास कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी राजवीर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही फायरिंग के राउंड की संख्या पता चल पाएगी। प्रथम दृष्टया आरोपी ने देसी पिस्टल से फायरिंग की थी। एसपी हरिशंकर के अनुसार, आरोपी राजवीर ड्रग्स तस्करी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ संगरिया और टिब्बी थाना के अलावा हरियाणा के डबवाली थाना में भी मामले दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी राजवीर ने संगरिया थानाधिकारी अमर सिंह पर दो फायर किए थे। थानाधिकारी अमर सिंह ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *