रामचंद्रपुर | बुधवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रामचंद्रपुर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर स्थित कालिकापुर के कुर्सा नाले का जलस्तर गुरुवार सुबह अचानक बढ़ गया। सुबह करीब 8.30 बजे से पुलिया के ऊपर से लगभग तीन फीट पानी बहने लगा, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। बस, बाइक समेत सभी वाहन दोनों ओर घंटों तक फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रामचंद्रपुर, लूरगी, सनवाल और रामानुजगंज के बीच रोजाना बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं, लेकिन पानी के बहाव के कारण न केवल आवाजाही रुकी, बल्कि कई शिक्षक और शासकीय कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंच सके।


