भास्कर न्यूज | अमृतसर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर यूजर चार्जेस 50 रुपए निर्धारित होने के बावजूद 100-100 रुपए की वसूली की जा रही है। फर्जीवाड़े का यह खेल करीब 55 दिन से चल रहा है मगर निगम अफसर अनजान बने हुए हैं। बता दें कि अवर्डा कंपनी बीते 6 सितंबर को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम छोड़कर जा चुकी है। 100 रुपए की जो पर्ची काटी जा रही उस पर कैश लेने वाले के साइन नहीं है। अवर्डा के काम छोड़ने के बाद पुरानी 55 गाड़ियां कूड़ा कलेक्शन के लिए लगी हुई हैं। नई थ्री-आर कंपनी के साथ नए यूजर चार्जेस के साथ एग्रीमेंट न हो पाने के कारण पुरानी पर्ची पर ही वसूली का खेल चल रहा है। दैनिक भास्कर ने बीते 8 अक्टूबर को अवर्डा की फर्जी पर्ची पर 100-110 रुपए वसूलने का खुलासा किया था जिसके बाद निगम अफसर हरकत में आए थे। सख्ती के बाद कुछ समय के लिए दोगुना वसूली बंद हो गई थी लेकिन अब फिर से फर्जीवाड़े का खेल शुरू हो गया है। बता दें कि बीते 3 दिसंबर को वार्ड नंबर 3 में कूड़ा कलेक्शन के नाम पर 100 रुपए की पर्ची काटने का मामला सामने आया है। इस पर्ची में अवर्डा नहीं लिखा है न ही उसका लोगो लगा हुआ। अमृतसर एमएस डब्ल्यू लिमिटेड के नाम से पर्ची काटी जा रही। जबकि पुरानी पर्ची जो 50 रुपए की काटी जाती है, उसमें अवर्डा का लोगो व नाम लिखा होता था। वहीं अवैध वसूली के बारे निगम कमिश्नर की ध्यान में लाया गया तो कहा कि मामले की जांच कराएंगे।


