कृपा करो हरिदास के स्वामी… जैसे भजनों पर झूमे श्रद्धालु

भास्कर न्यूज|लुधियाना अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर कृष्णा मंदिर संगत रोड में ठाकुर जी की कृपा से हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। राधा माधव संकीर्तन मंडल सेवक श्री सिद्धपीठ दंडी स्वामी महाराज के आशीर्वाद से हुए इस संकीर्तन में मंडल के अश्विनी गरोवर, संदीप लांबा, बृज मोहन ढींगरा, दीपक शर्मा और रघुवीर उप्पल ने भजनों की ऐसी रसधारा बहाई कि मंदिर परिसर वृंदावन बन गया। महामंत्र हरे कृष्णा हरे कृष्णा के साथ शुरुआत हुई, फिर तेरी अंखियां हैं जादू भरी, कृपा करो हरिदास के स्वामी और बांके बिहारी दे दो सहारा जैसे भजनों ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। मंदिर प्रधान इंदरजीत चोपड़ा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूम उठे। अश्विनी ग्रोवर ने कहा कि अक्षय तृतीया बेहद पुण्यदायी दिन है, जब भगवान परशुराम का प्रकटोत्सव, मां अन्नपूर्णा का जन्म, कुबेर को खजाना और महाभारत युद्ध का अंत हुआ था। चारों धाम के द्वार भी आज ही के दिन खुलते हैं। बांके बिहारी जी के चरण दर्शन भी केवल इसी दिन होते हैं। इस शुभ अवसर पर हरिनाम संकीर्तन कर ठाकुर जी की कृपा प्राप्त हुई। 21 वर्षों से राधा माधव संकीर्तन मंडल बिना किसी स्वार्थ के यह सेवा कर रहा है। मंडल सदस्य अपने व्यवसाय से समय निकालकर ठाकुर जी के नाम का गुणगान करते हैं। संकीर्तन के अंत में आरती कर कार्यक्रम को विराम दिया गया और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं लंगर की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर राधे-राधे की मंगल धुनों से गूंज उठा। इस अवसर पर मंदिर महंत आचार्य राम कृष्ण त्रिवेदी, पंडित राजित राम, मंदिर समिति के जतिन्द्र प्रकाश लांबा, अमित कपूर, अविनाश गुप्ता, अतिव जैन, नवल बंसल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *