भास्कर न्यूज | सिमडेगा प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना अंतर्गत आकांक्षी कृषि जिला के केन्द्रीय प्रभारी नन्द कुमारम ने शुक्रवार को सिमडेगा जिला अंतर्गत कृषि एवं संबंद्व क्षेत्रों में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण किया। उपायुक्त कंचन सिंह की उपस्थिति समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सर्वप्रथम कृषि एवं संबंद्व विभागों द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं में अबतक की प्रगति की समीक्षा करते हुए एलडीएम को निदेश दिया कि जिले का सीडी रेशियो काफी कम है। जिसमें सुधार करने की आवश्यकता है। बैठक में एफपीओ के द्वारा किसानों के बीच किये जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिसमें निर्देश दिया गया कि जिला प्रशासन के सहयोग से जिले में वनोपज के प्रोसेसिंग हेतु छोटे स्तर पर प्लांट लगाया जा सकता है। पशुपालन विभाग की समीक्षा के क्रम में जिले में उत्पादित दुध के प्रोसेसिंग हेतु प्लांट लगाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। जिससे जिले के किसानों को इसका पूरा लाभ प्राप्त हो सकें। बैठक के पश्चात सिमडेगा प्रखण्ड अंतर्गत खुटीटोली में कृषि विभाग द्वारा अधिष्ठापित लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से किये जा रहे कृषि कार्यों का का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद भी किया। जिसके बाद मत्स्य विभाग द्वारा केला घाघ डैम में क्रियान्वित किये जा रहे मत्स्य पालन संबंधी योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान इसके समुचित प्रबंधन एवं मार्केट लिंकेज से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त दिपांकर चौधरी,जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पों, जिला मत्स्य पदाधिकारी सीमा टोप्पो,जिला सहकारिता पदाधिकारी आत्म अभय टोप्पो,भूमि संरक्षण पदाधिकारी विलसन डुंगडुंग, कृषि विज्ञान केन्द्र बानो के वैज्ञानिक सनद सवैया, एलडीएम सन्नी लकडा़,जिला पशुपालन पदाधिकारी सह गव्य विकास पदाधिकारी कृषि निरीक्षक शंकर प्रसाद,उप परियोजना निदेशक आत्मा, प्रवीण सिंह एवं एफपीओ के सीईओ व सचिव उपस्थित थे।


