कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा आज सुबह सवाई माधोपुर पहुंचे। इस दौरान वह भाजपा जिला मंत्री दीनदयाल मथुरिया के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। यहां उन्होंने मथुरिया को अंतिम विदाई दी।
इसके बाद कृषि मंत्री शहर मंडल उपाध्यक्ष अविनाश चौधरी के हाल-चाल पूछने अपेक्स रणथम्भौर सेविका अस्पताल पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने अविनाश चौधरी की कुशलक्षेम जानीं। उल्लेखनीय है कि 17 दिसंबर को जयपुर में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में सवाई माधोपुर से शामिल होने भाजपा कार्यकर्ता जा रहे थे। रास्ते में कुस्तला टोल प्लाजा के पास उनकी स्कॉर्पियो की एक ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए थे। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसे में गाड़ी में सवार नगर परिषद की कार्यवाहक सभापति मेघा वर्मा के ससुर सुरजीत सिंह, भाजपा जिला मंत्री दीनदयाल मथुरिया, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष श्रीचरण महावर, शहर मंडल उपाध्यक्ष अविनाश चौधरी, भाजपा कार्यकर्ता जयप्रकाश सांवरिया, अविनाश शर्मा और गोवर्धन सोनी घायल हुए थे। जिसमें से दीनदयाल मथुरिया व अविनाश चौधरी गंभीर घायल हुए थे।
जिला मंत्री दीनदयाल मथुरिया की गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रैफर किया गया था। सात दिन तक इलाज चलने के बाद उन्होंने उपचार के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया था। वहीं अविनाश चौधरी का अपेक्स रणथम्भौर सेविका में उपचार जारी है। देर रात जयपुर से आई पार्थिव देह
सोमवार शाम को दीनदयाल मथुरिया की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जिसके बाद रात 9 बजे उनका शव सवाई माधोपुर लाया गया।
मंगलवार को सुबह रामद्वारा मोक्षधाम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। जिसमें कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील दीक्षित सहित बड़ी संख्या स्थानीय लोग मौजूद रहे।


