कृषि मंत्री बोले- खाद गड़बड़ी पर एमपी में 95 FIR:छतरपुर में कंसाना ने कहा- देश में किसी प्रांत में इतनी कार्रवाई नहीं हुई

छतरपुर में सोमवार को जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना ने खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जहां-जहां अनियमितताएं सामने आईं, वहां सख्त कार्रवाई की गई है और अब तक 95 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। मंत्री ने दावा किया कि इतनी एफआईआर देश के किसी अन्य राज्य में दर्ज नहीं हुई हैं। यह बयान उस समय आया, जब मीडिया ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा में दिए गए आंकड़ों का हवाला दिया। इन आंकड़ों में खाद वितरण गड़बड़ी के मामलों में मध्यप्रदेश को देश में तीसरे स्थान पर बताया गया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कंसाना ने कहा कि प्रदेश में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की गई है, यही कारण है कि एफआईआर की संख्या अधिक है। कांग्रेस के आरोपों को बताया निराधार
कृषि मंत्री ने खाद की गुणवत्ता और वितरण को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है और कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन प्रायोजित हैं। मंत्री के अनुसार, किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। कई सवालों पर नहीं दे पाए स्पष्ट जवाब
हालांकि बैठक के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान कुछ सवालों पर मंत्री स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत किसानों को अब तक दिए गए मुआवजे के आंकड़ों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने जानकारी न होने की बात कही और बाद में जानकारी देने का आश्वासन दिया। इसी तरह, पिछले चार दिनों से खाद की रैक न आने के कारण किसानों को हो रही परेशानी के सवाल पर भी मंत्री ने अनभिज्ञता जताई और मामले को दिखवाने की बात कही। बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक ललिता यादव, विधायक अरविंद्र पटैरिया, बब्लू शुक्ला, टीका राजा, कलेक्टर पार्थ जैसवाल और पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *