सीधी में अवैध रेत निकासी के दौरान नाबालिग की मौत:ट्रैक्टर पलटने से जान गई; प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को पुलिस ने समझाया

सीधी जिले के टिकरी गांव में अवैध रेत निकासी के दौरान हुए एक ट्रैक्टर हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर लगभग चार घंटे तक प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान टिकरी निवासी उमेश सिंह (15) पुत्र राजकरण सिंह के रूप में हुई है। मृतक के पिता राजकरण सिंह ने बताया कि उनका बेटा उन्हें बिना बताए गांव के ही अमोल सिंह के साथ ट्रैक्टर में गया था। ट्रैक्टर में अवैध रेत भरी जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ और उमेश की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने दी सूचना राजकरण सिंह को सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनका बेटा सड़क पर मृत पड़ा है। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे, जहां अन्य ग्रामीण भी एकत्र हो गए। किशोर की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद सुबह करीब 8 बजे से ग्रामीणों और परिजनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग अवैध रेत निकासी करने वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत निकासी का खेल चल रहा है, जिसकी प्रशासन द्वारा अनदेखी की जा रही है। यह प्रदर्शन दोपहर करीब 12 बजे तक जारी रहा। आरोपी का नाम आया सामने गांव के निवासी हीरामल सिंह ने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अजीत सिंह और कुछ अन्य लोग अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाई गई होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। अवैध रेत निकाली की जांच टिकरी चौकी प्रभारी एएसआई प्रमोद तिवारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। एक्सीडेंट से जुड़ा केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अवैध रेत निकासी के बिंदू पर भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *