गिरिडीह पुलिस ने कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दिलाने के नाम पर ग्रामीण किसानों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी पिछले पांच वर्षों से खुद को कृषि विभाग का अधिकारी या कर्मचारी बताकर भोले-भाले किसानों को निशाना बना रहे थे। यह कार्रवाई 19 जनवरी 2026 को अमृत कुमार वर्मा की शिकायत के बाद शुरू हुई। गिरिडीह जिले के बेगाबाद थाना अंतर्गत पारडीह गांव निवासी अमृत कुमार वर्मा ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें एक मोबाइल नंबर से कॉल कर कृषि मशीन दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए की ठगी की गई है। इस शिकायत के आधार पर, गिरिडीह नगर थाना में कांड संख्या 18/26, दिनांक 19 जनवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 319(2), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मेन्द्र वर्मा, उम्र 29 वर्ष, पिता – जमुना महतो, साकिन – खुदीसार, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह, सुनिल वर्मा, उम्र 36 वर्ष, पिता – स्व. कपीलदेव महतो, साकिन – खुदीसार, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह के रूप में की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार सिंह (मुख्यालय-01) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरी थाना क्षेत्र के खुदीसार गांव स्थित आरोपियों के आवास पर छापा मारा और सुनील वर्मा तथा धर्मेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और कई महत्वपूर्ण खुलासे किए। आरोपियों ने बताया कि वे अपने रिश्तेदारों और परिचितों के जरिए ग्रामीण किसानों के नाम और मोबाइल नंबर इकट्ठा करते थे। इसके अतिरिक्त, वे ग्राम पंचायत सचिवालयों और प्राथमिक विद्यालयों के बोर्ड पर अंकित अध्यक्षों, सचिवों और सदस्यों के नाम व मोबाइल नंबर भी नोट कर लेते थे। इन्हीं जानकारियों का उपयोग कर, वे खुद को कृषि पदाधिकारी या कर्मचारी बताकर किसानों को फोन करते थे और सिंचाई पंप मशीन व अन्य कृषि यंत्र सब्सिडी पर दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलते थे। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने 100 से अधिक किसानों से ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब ठगी की गई कुल राशि, पीड़ितों की वास्तविक संख्या और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश में जुटी हुई है।


