केंद्रीय गृहमंत्री आज रात को आएंगे:शाम 7 से रात 10 बजे तक व कल सुबह 9 से शाम 4 बजे तक विमानतल से नदीगेट का रूट रहेगा डायवर्ट

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 25 दिसंबर को ग्वालियर मेला मैदान में होने वाले कार्यक्रम व 24 दिसंबर की रात ग्वालियर में रुकने पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। बुधवार को रात केंद्रीय मंत्री आएंगे, इसलिए शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्ट रहेगा। गुरुवार को सुबह मेला में कार्यक्रम है इसलिए सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक केंद्रीय मंत्री के रूट पर ट्रैफिक अलग-अलग सेक्टर मे‌ं डायवर्ट किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल मेला मैदान में पुलिस के 1200 अधिकारी कर्मचारी तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा लगभग 1500 का बल विमानतल से नदीगेट स्थित होटल तक अलग-अलग पालियों में तैनात रहेगा। कार्यक्रम स्थल के आसपास 25 पार्किंग तय की गई हैं। इन पार्किंग में 935 बस, 1200 कार व 4500 दो पहिया वाहनों की व्यवस्था तय की गई है। पुलिस ने कारकेड निकालकर परखी सुरक्षा केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम के लिए मंगलवार को पुलिस ने विमानतल से मेला व नदी गेट तक सुरक्षा व ट्रैफिक डायर्सन को परखने के लिए कारकेड निकाला। सुरक्षा व्यवस्था ट्रायल के लिए दोपहर 2 बजे के बाद पुलिस ने कारकेड निकाला। कारकेड में सभी पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल थे। कारकेड के निकाले जाने के दौरान रूट के सभी चौराहों व तिराहों पर ट्रैफिक को रोककर डायवर्ट किया गया था। इस दौरान रूट के सभी चौराहों तिराहों पर एक हजार का बल तैनात किया गया था। भिंड से आने वाला ट्रैफिक लक्ष्मणगढ़ व मुरैना से आने वाले वाहन निरावली से होंगे डायवर्ट सलाह… यहां जाने से बचें… गोला का मंदिर चौराहा से एमआईटीएस सूर्यनमस्कार तिराहा, महाराजागेट, रेसकोर्स रोड़, आकाशवाणी तिराहा, मोती तवेला, बैजाताल, नदीगेट, शिन्देकी छावनी क्षेत्र में जाने से बचें। केंद्रीय मंत्री शाह की अगवानी के लिए दोपहर में आ जाएंगे मुख्यमंत्री पूर्व प्रधानमंत्री भारत स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को ग्वालियर आएंगे। वे रात नौ बजे ग्वालियर आएंगे और सीधे होटल ऊषा​ किरण पैलेस में जाएंगे, जहां चुनिंदा नेताओं से चर्चा के बाद रात्रि विश्राम करेंगे। इससे पहले आयोजन की तैयारियों को देखने और केंद्रीय गृहमंत्री की अगवानी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल दोपहर एक बजे ग्वालियर आएंगे। दोपहर में ग्वालियर आने के बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल का जायजा लेंगे। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे रात 9 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर केंद्रीय गृहमंत्री की अगवानी करेंगे। गुरुवार को दोपहर 12 बजे केंद्रीय गृहमंत्री मेला मैदान में आयोजित एमपी ग्रोथ समिट में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 2 बजे करीब रवाना होंगे। एक्सरसाइज के साथ होगी केंद्रीय गृहमंत्री के दिन की शुरुआत होटल ऊषा किरण पैलेस में बुधवार को रात्रि विश्राम करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिन की शुरुआत गुरुवार को सुबह एक्सरसाइज के साथ होगी। इसके लिए प्रशासन ने अलग से ट्रेनर की व्यवस्था की है, जो उन्हें 30 से 40 मिनट तक एक्सरसाइज कराएंगे। इसमें मस्कुलर और कार्डियो की एक्सरसाइज शामिल होगी। प्रशासन ने होटल के ग्राउंड फ्लोर बने कमरे को एक ट्रेडमिल, एक बैलंस बॉल, चार और 10 किलो के डंबल से मिनी जिम का रूप दे दिया है, जहां गृहमंत्री शाह एक्सरसाइज करेंगे। रात में नेताओं से मुलाकात करेंगे अमित शाह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह होटल ऊषा किरण में चुनिंदा नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा करेंगे, वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से पार्टी संगठन को लेकर बात करेंगे। इससे पहले उनकी मुलाकात केंद्रीय मंत्री सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी होगी। इस दौरान प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मौजूद रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *