अशोकनगर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बाबा साहब पर की गई टिप्पणी का विरोध जताया। मंगलवार को सभी कार्यकर्ता एकत्रित हुए और शहर के गांधी पार्क, तुलसी पार्क सहित कई स्थानों से होकर रैली निकाली। भाजपा सरकार एवं अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने शहर के महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन दिया, बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बाबा साहब पर जो टिप्पणी की है, वह अपमानजनक है, बाबा साहब का अपमान कांग्रेस नहीं सहेगी। इसके विरोध में लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह अपमान संसदीय इतिहास में दर्ज हो गया है। मांग की कि बीजेपी व अमित शाह को माफी मांगना चाहिए।


