लुधियाना| केंद्रीय रेल व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने वरिष्ठ किसान नेताओं जगजीत डल्लेवाल और सरवन पंधेर सहित कर्नाटक के कुछ किसानों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब वे केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान और पीयूष गोयल के साथ बैठक से लौट रहे थे। बिट्टू ने कहा कि पंजाब पुलिस की कार्रवाई की खबर सुनकर वे स्तब्ध हैं। उन्होंने बताया कि जब चंडीगढ़ में किसान नेताओं के साथ बैठक में मौजूद केंद्रीय मंत्रियों को गिरफ्तारी की जानकारी दी गई, तो वे भी हैरान रह गए। इसके बावजूद, केंद्र सरकार ने अगले दौर की वार्ता की तारीख निर्धारित कर दी है। बिट्टू ने कहा कि बैठक में बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई थी और पंजाब सरकार के दो मंत्री भी इसमें शामिल थे। पंजाब के मंत्रियों ने भी इस वार्ता का समर्थन किया, लेकिन इसके तुरंत बाद पंजाब सरकार की यह कार्रवाई वार्ता को विफल करने की साजिश लगती है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर किसानों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। साथ ही, दिल्ली के अरविंद केजरीवाल पर किसानों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया, क्योंकि वे पिछले तीन दिनों से पंजाब में डेरा डाले हुए थे। बिट्टू ने दावा किया कि लुधियाना पश्चिम सीट पर आगामी उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि आप सरकार शहरी वोटरों को खुश करने के लिए किसानों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि पंजाब में शहरी और ग्रामीण लोगों को बांटने की उनकी कोशिश कभी सफल नहीं होगी। पंजाब के लोग एकजुट हैं और किसी भी विभाजनकारी राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे।


