छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण- क्रेडा के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी व सीईओ राजेश सिंह राणा ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद वेंकटेश जोशी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने जोशी को क्रेडा की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। इस दौरान अध्यक्ष व सीईओ ने कुसुम योजना के कंपोनेट बी के अंतर्गत किसानों के लिए बीस हजार सोलर पंप स्वीकृत करने तथा कंपोनेंट ए व सी के संबंध में आग्रह पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपा। इस दौरान तीनों के बीच प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान पीएम जनमन योजना अंतर्गत 1578 घरों के सौर विद्युतीकरण के लिए राशि स्वीकृत करने, जियोथर्मल पावर प्रोजेक्ट अंतर्गत तातापानी में परियोजना के क्रियान्वयन, छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्टेडियम में ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत घरों के सौर विद्युतीकरण तथा अन्य विषयों में विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने क्रेडा अध्यक्ष व सीईओ के आग्रह पर गंभीरतापूर्वक विचार कर निर्णय करने हेतु आश्वस्त किया है।


