केंद्र सरकार आदिवासी समाज को सशक्त बना रही: भोजराज

भास्कर न्यूज | बालोद शुक्रवार को डौंडीलोहारा ब्लाक के सुदूर वनांचल ग्राम भंवरमरा में धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत लाभ संतृप्ति शिविर लगाया गया। सांसद भोजराज नाग ने कहा कि यह अभियान आदिवासी समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केन्द्र सरकार की अभिनव पहल है। सांसद नाग ने बताया कि केन्द्र सरकार जनजातीय समाज की जरूरतों को समझते हुए प्रशासनिक अमले को सीधे उनके बीच भेज रही है। इसका उद्देश्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दूरगामी परिणाम जल्द दिखेंगे। सांसद नाग ने भगवान बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज का सच्चा नायक और देश का महान सपूत बताया। उन्होंने केन्द्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आदिवासी समाज से शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर में हितग्राहियों को नया राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, जाति और निवास प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा लोन, श्रम कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ मिला। गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट दी गई। किसानों को अरहर बीज मिनी किट भी वितरित किए गए। किसान क्रेडिट कार्ड, आय प्रमाण पत्र वितरण किया शिविर में ग्राम खोलझर की सुलोचना बाई को किसान क्रेडिट कार्ड, ग्राम चिखली के गजेन्द्र कुमार को आय प्रमाण पत्र मिला। ग्राम भंवरमरा के खिलेश भंडारी को निवास प्रमाण पत्र और ग्राम अरजपुरी की शांतिदेवी को राशन कार्ड मिला। सभी हितग्राहियों ने शिविर की सराहना की और इसे जनजातीय समाज के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम में नगर पालिका दल्लीराजहरा के अध्यक्ष तोरण साहू, जनपद सदस्य राजेश्वरी टेकाम, भंवरमरा की सरपंच निर्मला ठाकुर मौजूद थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *