भास्कर न्यूज| चाईबासा केंद्र सरकार द्वारा जनगणना को लेकर जारी किए गए नोटिफिकेशन में जाति जनगणना का जिक्र नहीं होने पर कांग्रेस ने बुधवार को सवाल उठाई है। कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसियों ने एक बैठक कर संयुक्त रूप से तीखी प्रतिक्रियाएं दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीयत में खोट है। जनगणना के नोटिफिकेशन में जाति का जिक्र नहीं किया गया, पर्याप्त बजट का आवंटन नहीं किया गया और जनगणना को दो साल बाद करवाने का ऐलान किया गया। कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि जाति जनगणना की मांग को अर्बन नक्सल बताने वाली मोदी सरकार कांग्रेस के सर्वमान्य नेता राहुल गांधी की मांग के दबाव में झुकी। कांग्रेसियों ने मांग की है कि जनगणना में केवल जाति के आंकड़े न जुटाएं बल्कि तेलंगाना सरकार द्वारा करवाए गए जाति सर्वे का मॉडल अपनाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बार फिर से जातिगत जनगणना करने की बात से पीछे हटने को लेकर हमें केन्द्र सरकार की नीयत पर शक है। मौके पर शिक्षा विभाग के चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, सोशल मीडिया चेयरमैन रवि कच्छप, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सवैयां, नियंत्रण कक्ष सदस्य संतोष सिन्हा, सोंगा पूर्ति, सुशील दास, प्रताप आदि उपस्थित थे।


