देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेई को समर्पित की जाएगी। 25 दिसंबर को अटलजी की 100वीं जयंती है, पीएम नरेंद्र मोदी इसी दिन छतरपुर के खजुराहो में केन-बेतवा लिंक का भूमिपूजन करेंगे। इस परियोजना में पन्ना जिले में बनाए जा रहे दौधन डैम का नाम अटल सागर बांध करने का ऐलान भी प्रधानमंत्री कर सकते हैं। इसके साथ ही केन-बेतवा लिंक के लिए प्रस्तावित 221 किलोमीटर लंबी विशाल मुख्य नहर का नाम भी अटल नहर किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भी खजुराहो आएंगे। गौरतलब है कि यह मप्र और उत्तरप्रदेश राज्यों की साझी परियोजना है।


