भास्कर न्यूज |केरेडारी केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतु गांव में शनिवार को देर शाम मां सरस्वती के प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक दो गुटों के बीच पथराव शुरू हो गया। इससे एक पुलिस कर्मी समेत दोनों समुदाय से दर्जन भर लोग के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि बेलतु के बलिया खोरी टोला का मूर्ति विसर्जन के लिए जुलूस के साथ अपने पुराने मार्ग होकर गुजर रही थी इस जुलूस को प्रतिमा विसर्जन के लिए रानी पोखर जाना था, इसी बीच देर शाम लगभग आठ बजे बेलतु पिकेट के पास एक गुट विशेष द्वारा जुलूस पर पथराव शुरू किया गया। इससे दोनों समुदाय के बीच पथराव शुरू हो गया। इस पथराव से लगभग एक दर्जन लोग दोनों समुदाय से घायल हुए हैं, वहीं घटने की सूचना पर बेलतु गांव गई केरेडारी पुलिस पर भी पथराव हो गया। सूचना है एक पुलिस के जवान भी घायल हुआ है। मुखिया जीतनी देवी भी बीच बचाव करने गयी तो उन्हें भी ईंट से चोट लगी है। इस घटना के संबंध में एक गुट का कहना है भड़काऊ गाना बजने से पथराव की घटना हुई है। वहीं दूसरे गुट के लोगों का कहना है किसी तरह का कोई भड़काव गाना नहीं बज रहा था। समाचार लिखे जाने तक भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई थी लेकिन रात्रि होने के कारण बीच-बीच में पथराव जारी था। दोनों गुटों के प्रबुद्ध गण लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। ज्ञात हो कि इस बेलतु गांव में हर पर्व त्योहार में दो गुटों के बीच तनाव बना रहता है और कई बार विवाद भी हुए हैं। घटना की जानकारी पाते ही एसपी अंजनी अंजन का काफिला हजारीबाग से रवाना हो गया है। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो पाई।


