भास्कर न्यूज| महासमुंद बागबाहरा थाना के ग्राम बोडरीदादर का एक ग्रामीण साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठग ने उसके खाते से तीन बार में 50 हजार रुपए पार कर दिए। ठगी के शिकार पवन सिंग ठाकुर ने थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस सायबर क्राइम टीम से इसकी पतासाजी के बारे में कहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 20 जून की है। पीड़ित के अनुसार देवेन्द्र नगर के नाम से उसके पास फोन आया, जिसमें सामने वाले ने कहा कि मैं बैंक से बोल रहा हूं। तुम्हारे अकाउंट के केवाईसी नहीं हुआ, तुम्हारा खाता बंद हो जाएगा। उसके बात से पवन घबरा गया, सामने वाले ने सुधरवाने कहा और ओटीपी आएगी नंबर बताने बोला। इस प्रकार ठग के बताए अनुसार वह प्रक्रिया करता गया। बाद में पता चला कि उसके खाते में रखे पूरे 50 हजार रुपए पार हो गए। उसने बताया कि 12988, 24998,12999 की राशि तीन बार में निकाल कर साइबर ठगों ने उसे ठगी का शिकार बना दिया।


