लुधियाना| सोशल मीडिया पर फर्जी अश्लील फोटो अपलोड कर महिला को बदनाम करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने महिला के ही पति के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत महिला के पिता ने दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी बेटी की जुलाई 2023 में मुंबई निवासी संदीप धीर से शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी ने महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर पीडि़ता अपने पति के साथ लुधियाना आ गई। यहां महिला ने वूमेन सेल में पति के खिलाफ शिकायत दी, जिस पर केस दर्ज हुआ और बाद में चालान अदालत में पेश कर दिया गया। आरोप है कि केस अदालत में पहुंचने के बाद आरोपी ने बदले की भावना से महिला को बदनाम करना शुरू कर दिया। आरोपी ने महिला की फर्जी अश्लील फोटो तैयार कर सोशल मीडिया के जरिए उसके रिश्तेदारों और साथ काम करने वाले सहकर्मियों को भेजनी शुरू कर दी। इससे आहत होकर महिला को नौकरी छोड़ने पड़ी। साइबर जांच में हुआ खुलासा फर्जी आईडी चला रहा था पति… पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि संदीप ने उसकी बेटी के नाम से फर्जी आईडी बनाई। उन्हें भी अश्लील फोटो और महिला के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां भेजी गईं। मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी गई। महिला का आरोप है कि केस वापस लेने के दबाव में उसे बदनाम कर ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।


