टोंक में कैफे की आड़ में चल रहे एक अवैध हुक्का बार पर DST ने दबिश देकर कार्रवाई की। मौके कैफे मालिक और चार नाबालिग समेत 23 लड़कों को मौके से डिटेन किया गया। वहीं, 31 फ्लेवर युक्त हुक्के, 20 चिलम, 15 हुक्का पाइप, 17 मोबाइल फोन, एक धारदार चाकू और एक बाइक जब्त की। कार्रवाई सोमवार रात करीब 10 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित पठान इम्पायर कैफे पर की गई। बता दें, बीते 15 दिनों में टीम 16 बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दे चुकी है। जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया- कैफे में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। मौके पर नाबालिगों का हुक्का पीते मिलना गंभीर मामला है। कैफे मालिक फारूक समेत सभी डिटेन किए गए लड़कों और जब्त सामग्री को कोतवाली थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। युवाओं में बढ़ता नशा बना चिंता का विषय गौरतलब है कि टोंक में युवा पीढ़ी तेजी से नशे की लत की ओर बढ़ रही है। अब युवकों में हुक्का बार में जाकर फ्लेवर युक्त नशे का चलन बढ़ता जा रहा है। शहर में कहीं कैफे की आड़ में तो कहीं चोरी-छिपे अवैध रूप से हुक्का पिलाने का कारोबार फल-फूल रहा है। सोमवार देर रात की इस कार्रवाई में पुलिस भी यह देखकर हैरान रह गई कि कैफे के भीतर लाइटिंग के माहौल में नाबालिगों से लेकर युवा खुलेआम हुक्का पीते हुए धुएं के छल्ले उड़ा रहे थे। DST की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और अपराधियों में टीम का डर साफ नजर आ रहा है।


