धौलपुर में ई-मित्र संचालक से 11.40 लाख की ठगी:डॉक्टर बनकर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार, 9 लाख बरामद

धौलपुर पुलिस ने एक ई-मित्र संचालक से 11.40 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। निहालगंज थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की, जिसमें आरोपी से 9 लाख रुपए की राशि भी बरामद की गई है।
निहालगंज थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में अरसद अली खान नामक आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने खुद को धौलपुर मेडिकल कॉलेज का डॉक्टर बताकर ई-मित्र संचालक से लाखों रुपए की ठगी की थी। यह मामला 25 अगस्त को सामने आया, जब धौलपुर निवासी प्रांजल कुमार जैन ने निहालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, एक व्यक्ति उनकी ई-मित्र दुकान पर आया और अपना नाम डॉ. पंकज विकास बताते हुए धौलपुर मेडिकल कॉलेज से जुड़ा होने का दावा किया।
आरोपी ने ई-मित्र के माध्यम से ‘ऑरेंज एंटरप्राइजेज’ फर्म के नाम पर कई बार रुपए ट्रांसफर करवाए। विश्वास जमाने के लिए उसने कमीशन सहित कुछ राशि ऑनलाइन वापस भी की। बाद में, आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य मंत्रालय, जयपुर में कार्यरत बताते हुए धौलपुर अस्पताल के लिए दवाइयों की बड़ी सप्लाई का हवाला दिया और कुल 11,40,000 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। जब उसने भुगतान लौटाने के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की, तो प्रार्थी को संदेह हुआ।
जांच में सामने आया कि मेडिकल कॉलेज में न तो उक्त नाम का कोई डॉक्टर था और न ही बताई गई फर्म के नाम से कोई दवा सप्लाई होती थी। इसके बाद आरोपी शहर से फरार हो गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। जिन खातों में राशि ट्रांसफर हुई थी, उनकी जानकारी जुटाकर उन्हें सीज कराया गया। निरंतर अनुसंधान के बाद 22 दिसंबर को आरोपी अरसद अली खान को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने धोखाधड़ी से प्राप्त रकम में से करीब 9 लाख रुपए बरामद कर प्रार्थी को वापस दिलाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *