हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। सुबह कई इलाकों में विजिबिलिटी 200 मीटर से भी कम रही, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। रात से ही कोहरे की परत जमनी शुरू हो गई थी, जो सुबह 9-10 बजे तक बनी रही। इसके चलते वाहन चालकों को हेडलाइट और पार्किंग लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। कोहरे के कारण सड़क और रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें निर्धारित गति से कम स्पीड पर वाहन चलाने, फॉग लाइट का उपयोग करने और ओवरटेक से बचने की अपील की गई है। मौसम विभाग और राष्ट्रीय पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर भारत के बड़े हिस्से के साथ राजस्थान के उत्तरी जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक घना से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। दिनभर हल्की ठंडक और सुबह-शाम गलन महसूस की जा रही है। पाला पड़ा तो फसलों को होगा नुकसान
किसानों के लिए यह मौसम रबी फसलों पर मिलाजुला असर डाल रहा है। हल्की से मध्यम धुंध के कारण खेतों में नमी देर तक बनी रहती है, जिससे गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलों को फायदा मिल रहा है। इससे सिंचाई का अंतराल भी बढ़ाया जा सकता है।
हालांकि, कृषि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर पाला पड़ने की स्थिति बनती है, तो फसलों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि पाला पड़ने की आशंका होने पर समय पर हल्की सिंचाई करें और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखें।


