कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस का प्रदर्शन:पन्ना में सांसद-विधायकों के घर के बाहर बजाया ‘घंटा’

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के ‘घंटा’ वाले बयान पर कांग्रेस ने रविवार, 4 जनवरी को पन्ना में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद और विधायकों के घरों के बाहर ‘घंटा’ बजाकर अपना गुस्सा जाहिर किया। जिलाध्यक्ष अनीस खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता पीतल के बड़े-बड़े घंटे लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने शहर के भाजपा नेताओं के घरों को निशाना बनाया। कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा के सिविल लाइन स्थित शासकीय आवास के बाहर घेराव की कोशिश की। हालांकि, बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह के आवास के बाहर भी जमकर घंटा बजाया गया। अनीस खान ने बताया कि कांग्रेसियों का काफिला यहीं नहीं रुका। उन्होंने गुन्नौर विधायक राजेश वर्मा और पवई विधायक पहलाद लोधी के आवास के सामने भी प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। अनीस खान ने इस दौरान कहा कि एक जिम्मेदार पद पर बैठे मंत्री की भाषा अमर्यादित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी मीडिया का अपमान बताया। कांग्रेस ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है। यह प्रदर्शन शहर में चर्चा का विषय बना रहा। राह चलते लोग भी रुक-रुक कर यह नजारा देखते रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक मंत्री पर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *