कैश समेत 84 हजार के गहने ले गए चोर, ग्राम सेमसाटा और खरिया में हुई वारदात

भास्कर न्यूज | कवर्धा बैजलपुर चौकी क्षेत्र में एक ही दिन दो घरों में चोरी की वारदात हुई। पहली घटना ग्राम सेमसाटा (सिंघारी) की है। यहां शादी समारोह के दौरान प्रार्थी पवन कुमार मेरावी के घर से 48,500 रुपए की चोरी हो गई। दूसरी घटना ग्राम खरिया की है। यहां किसान तिजऊ साहू के घर से 35 हजार रुपए चोरी हो गए। प्रार्थी पवन मेरावी ने बताया कि 31 मार्च को उसकी बहन अनिता मेरावी की शादी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हाई स्कूल सिंघारी में रखी गई थी। सुबह 8 बजे पूरा परिवार घर में ताला लगाकर शादी में चला गया। दोपहर 3 बजे जब वह पत्नी जैनबती मेरावी के साथ लौटा, तो देखा कि घर के शटर का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉक टूटा हुआ था। उसमें रखे 45 हजार रुपए नकद, चांदी की 5 तोला पट्टी जिसकी कीमत 2,500 रुपए थी, और रसोई में रखे 4 थाली व 2 लोटा जिनकी कीमत 1,000 रुपए थी, गायब थे। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत 48,500 रुपए आंकी गई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(क) और 331(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना ग्राम खरिया की है। यहां किसान तिजऊ साहू ने बताया कि 31 मार्च को सुबह 10 बजे वह पत्नी पुष्पा साहू के साथ घर में ताला लगाकर अपने माता-पिता के पास गया था। दोपहर 2 बजे लौटा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा तो गोदरेज आलमारी का लॉक टूटा था। उसमें रखे मिट्टी के गुल्लक सहित 35 हजार रुपए गायब थे। यह रकम 500-500 के नोटों में थी, जो पिता ने फसल बिक्री के बाद दी थी। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *