लुधियाना| आईआईएम की तरफ से आयोजित कैट 2025 परीक्षा के नतीजे जारी होने के बाद शहर के छात्रों में उत्साह का माहौल है। इस वर्ष देशभर में करीब 2.6 लाख छात्रों ने कैट परीक्षा दी, जिसका आयोजन आईआईएम कोझिकोड ने किया था। विशेषज्ञों के अनुसार इस बार कैट परीक्षा का स्तर कठिन रहा, खासकर डीआई-एलआर सेक्शन ने कई छात्रों को चुनौती दी, जिसका असर आगे के सेक्शनों पर भी पड़ा। इसके बावजूद लुधियाना के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर यह साबित किया कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से कठिन परीक्षा में भी सफलता हासिल की जा सकती है। शहर की करमन कौर ने 96.6 पर्सेंटाइल हासिल कर कॉमर्स स्ट्रीम में शहर का नाम रोशन किया। उनके अलावा अनुष्का अरोड़ा, केतन गर्ग, अमृत संधू, जगृत मारवाहा, ध्रुव गोयल, आकाश वलिया, आरिशा फातिमा, साहिल जिंदल, आशिमा भाटिया और नमित शर्मा सहित कई छात्रों ने 90 पर्सेंटाइल से अधिक स्कोर कर मजबूत दावेदारी पेश की है। इन छात्रों की कामयाबी का मंत्र निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास रहा। सभी ने नियमित पढ़ाई के साथ मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों पर विशेष ध्यान दिया।


