भास्कर न्यूज| लुधियाना श्री आत्म वल्लभ जैन कॉलेज के बाहर सीनियर असिस्टेंट कुल भूषण शर्मा द्वारा चलाया जा रहा धरना 9वें दिन भी जारी रहा। कुल भूषण शर्मा ने बताया कि कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपलों ने फोन के माध्यम से उनके धरने को समर्थन दिया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के फाउंडर प्रिंसिपल डॉ. जनमीत सिंह, जो पंजाब यूनिवर्सिटी के पूर्व सीनेटर भी रह चुके हैं, और पूर्व प्रिंसिपल डॉ. टी. एल. जोशी ने उनसे बातचीत कर उन्हें पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया है। दोनों पूर्व प्रिंसिपलों ने कहा कि कुल भूषण शर्मा को गैरकानूनी तरीके से नौकरी से निकाला गया है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए वे मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुल भूषण शर्मा ने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। भारी बारिश के बावजूद कुल भूषण शर्मा धरना स्थल पर डटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनसे कॉलेज से बिना किसी कारण निकाले गए अन्य कर्मचारियों ने भी संपर्क किया है। कुल भूषण शर्मा ने आरोप लगाया कि अयोग्य प्रिंसिपल द्वारा दविंदर सिंह, परमजीत कौर, सोनिका लखनपाल, सुरिंदर पाल, प्रोफेसर रिदम जैन, प्रोफेसर शीना, प्रोफेसर नितिन मल्होत्रा, आंचल ग्रोवर और वरिंदर कुमार चोपड़ा को भी बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से निकाला गया था। उन्होंने कहा कि जल्द ही ये सभी कर्मचारी भी धरने में शामिल होंगे। धरने में कुल भूषण शर्मा के पूरे परिवार के अलावा किसान जत्थेबंदियों के साथी भी शामिल हुए। धरना स्थल पर ओम प्रकाश, गौरव विरमनी, हिमांशु खन्ना, बब्बल, टोनी, मोहित, जशनदीप, रोहित, आशु, सलिल और सुरजीत वर्मा मौजूद रहे।


