एसडी कॉलेज ब्यावर में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दिए गए कथित विवादित बयानों को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। विद्यार्थी परिषद ने इन बयानों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह सम्मेलन समाजशास्त्र विभाग द्वारा 23 और 24 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया था। परिषद ने आरोप लगाया है कि सम्मेलन के दौरान भारत की गरिमा, ज्ञान परंपरा और अखंड भारत की अवधारणा के विरुद्ध बयानबाजी की गई, जिससे राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंची है। परिषद का कहना है कि ऐसे वक्तव्य भारत की मर्यादा के खिलाफ हैं और इन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता। विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि विवादित बयान देने वाले वक्ताओं पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही समाजशास्त्र विभाग द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर संबंधित वक्तव्य पर सार्वजनिक माफीनामा जारी करवाया जाए। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। इस मामले को लेकर कॉलेज परिसर में गहमागहमी का माहौल है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार प्रकरण की जांच पर विचार किया जा रहा है।


