कोंडागांव में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्राम बड़ेराजपुर के दिव्यांग बुधसिंह सेठिया ने कृत्रिम पैर की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम आलबेड़ा की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना और वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम शामपुर के भरत दास मानिकपुरी ने बिजली की समस्या बताई। बड़े भिरावड़ के राम नेताम ने पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। इसके अलावा लोगों ने आवास, मोबाइल नेटवर्क, राजस्व प्रकरण, आंगनबाड़ी और सड़क से जुड़ी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को इन शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए।


