कोंडागांव के पंचायत सचिवों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर रैली निकाली। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पंचायत सचिवों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, वेतन विसंगति का समाधान और सेवा शर्तों में स्पष्टता शामिल है। सचिवों का कहना है कि वर्षों की सेवा के बाद भी उन्हें स्थायी नहीं किया गया है। इससे उनमें असुरक्षा की भावना है। 20 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर देंगे धरना सचिव संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह आंदोलन पूरे छत्तीसगढ़ का है। सभी जिलों के पंचायत सचिव 20 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करेगी, आंदोलन जारी रहेगा। सचिवों ने सरकार से जल्द सकारात्मक कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


