कोंडागांव में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती और किसान दिवस के अवसर पर कोंडागांव जिले के 16 ग्रामों के किसानों ने सामूहिक रूप से उत्सव मनाया। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों की एकजुटता, आत्मनिर्भरता और नवाचार का संदेश देना था। यह कार्यक्रम एचडीएफसी बैंक परिवर्तन और अंबुजा फाउंडेशन के समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों के योगदान को सम्मान देना, उनकी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें नई कृषि तकनीकों, उन्नत पद्धतियों और सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना था। इस अवसर पर किसान दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए किसानों को आधुनिक खेती की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कृषि नवाचारों की कहानियों से मिली नई प्रेरणा इस दौरान किसानों ने अपने सफल कृषि अनुभव और नवाचारों की कहानियां साझा की, जिससे अन्य किसानों को सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल बना रहा। चंद्रशेखर राय बोले- खेती ही किसान की सबसे बड़ी ताकत एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड चंद्रशेखर राय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि, आज के युग में खेती ही किसान का मुख्य आधार है और किसानी से जुड़े रहना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। खेती आत्मनिर्भरता के साथ-साथ सामुदायिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम भी है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने का आह्वान किया। उद्यानिकी विभाग के उद्यान अधीक्षक लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव ने किसानों को सफलता के प्रमुख सूत्र बताए। उन्होंने सही बीज का चयन, रासायनमुक्त फसल उत्पादन, मिट्टी की गुणवत्ता का संरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे खेत तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान सफल किसानों से सीधा संवाद कर उपस्थित किसानों को व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य लीलावती नाग, सरपंच शकीला पोयाम, उपसरपंच सहदेव पोयाम और एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।


