कोंडागांव में सीपीआई ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम भतवा के शासकीय प्राथमिक शाला भवन की मरम्मत की मांग की है। पार्टी ने 25 दिन का टाइम दिया है और अल्टीमेटम दिया है कि फंड नहीं मिला तो भीख मांगकर फंड जुटाएंगे। भतवा गांव में अधिकांश आदिवासी परिवारों के बच्चे इस स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल की बिल्डिंग काफी समय से जर्जर स्थिति में है। 4 अगस्त 2023 को छत गिरने की घटना हुई। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। सीपीआई के सदस्यों ने बताया कि 21 अगस्त 2023 को बीईओ माकड़ी को पत्र भेजा गया था। 2 साल बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। 29 जुलाई 2025 को कलेक्टर को आवेदन दिया गया। बीईओ ने भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने फंड की कमी बताते हुए अस्थायी पढ़ाई व्यवस्था की सलाह दी। खुद भीख मांगकर फंड जुटाने की चेतावनी सीपीआई नेताओं ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में बच्चों के लिए सुरक्षित भवन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनिज संपदा से मिलने वाली निधि का उपयोग अन्य कार्यों में हो रहा है। आदिवासी बच्चों की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर 25 दिन में मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो सदस्य खुद भीख मांगकर फंड जुटाएंगे। वे बच्चों के लिए सुरक्षित अध्ययन स्थल की व्यवस्था करेंगे।


