कोंडागांव में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला मुख्यालय के विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ध्वजारोहण करेंगी। शनिवार (24 जनवरी) को गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन की अंतिम रिहर्सल की गई। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और तैयारियां समय से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टुकड़ियों ने मार्चपास्ट का अभ्यास किया अंतिम रिहर्सल में अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव और सेकेंड इन कमांड एएसआई दिनेश कुमार डहरिया के नेतृत्व में अलग-अलग टुकड़ियों ने मार्चपास्ट का अभ्यास किया। इन टुकड़ियों में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की 29वीं और 41वीं बटालियन, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, बस्तर फाईटर और नगर सेना के पुरुष और महिला दल शामिल थे। इसके अलावा एनसीसी और एनएसएस के बालक और बालिका दलों ने भी अभ्यास किया। स्कूली बच्चों द्वारा व्यायाम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।


