कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र से गुजरने वाली दिल्ली–मुंबई रेल लाइन पर एक कोचिंग छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र पिछले दो वर्षों से कोटा में रहकर निजी कोचिंग से जेईई की तैयारी कर रहा था। उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में भिजवाया। जांच में मृतक की पहचान हरियाणा के सिरसा जिले के गांव हिमायू खेड़ा निवासी सरताज़ सिंह के रूप में हुई। वह कोटा के राजीव गांधी नगर स्थित एक हॉस्टल में रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने बताया की सरताज़ 12वीं कक्षा का छात्र था और अप्रैल में उसके एग्जाम होने थे। 25 जनवरी की रात उसे हरियाणा अपने घर जाना था और उसी रात उसकी ट्रेन थी। परिजनों से आखिरी बातचीत में उसने बताया था कि उसकी ट्रेन करीब तीन घंटे लेट है और वह तब तक स्टेशन पर ट्रेन देखने जा रहा है। पुलिस ने घटना की सूचना रात में ही परिजनों को दे दी थी। शुक्रवार को परिजन कोटा पहुंचे, जिनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


